संभल में मक्के के खेत में सास-बहू पर हमला:लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल, पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट

संभल में मक्के के खेत में सास-बहू पर हमला:लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल, पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट

संभल के बबराला थाना क्षेत्र के जमालपुर डांडा गांव में सोमवार सुबह मक्का के खेत पर गई एक महिला और उसकी सास पर पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिंकी (23) पत्नी राहुल सोमवार सुबह करीब 7 बजे अपने मक्का के खेत पर थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के दो व्यक्तियों ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने रिंकी को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
रिंकी की चीख-पुकार सुनकर उनकी सास 42 वर्षीय मीना पत्नी ऋषिपाल मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। हमलावरों ने मीना को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान सास-बहू दोनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों घायलों को बबराला थाना ले गए। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *