गंभीर बीमारी से पीड़ित मासूम अनिका का वजन बढ़ रहा है। अनिका के बढ़ते वजन ने माता-पिता की टेंशन भी बढ़ा दी है, क्योंकि वह जिस गंभीर बीमारी से पीड़ित है, उसके लिए उसे एक इंजेक्शन लगना है, जिसकी कीमत 9 करोड़ रुपए है। परिवार ने जगह-जगह घूमकर, कैंप लगाकर लोगों की मदद से 6 करोड़ 60 लाख रुपए जमा कर लिए हैं। अब उन्हें 2 करोड़ 40 लाख रुपए की जरूरत है। इन पैसों को जमा करने के लिए वे लगातार संघर्ष कर रहे हैं। जनता से मदद के लिए वे पिछले दिनों मुंबई भी गए, जहां वे कई सेलिब्रिटियों से मिले और उनसे बेटी की मदद के वीडियो भी बनवाए, ताकि जल्द पैसा इकट्ठा हो सके और वे अपनी बेटी का इलाज करा सके। अनिका शर्मा sma type-2 नामक बीमारी से पीड़ित है। इसके इलाज के लिए उसे इंजेक्शन लगना है, जिसकी कीमत 9 करोड़ रुपए है, जो अमेरिका से आएगा। ये इंजेक्शन 2 साल के पहले या 13.5 किलो वजन के पहले लगना है। परिवार के पास है आखिरी मौका अनिका की मां सरिता शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों भोपाल एम्स में अनिका का चेकअप करवाया था। जब उसका वजन किया तो वह बढ़ा हुआ था। अब अनिका का वजन 10 किलो 930 ग्राम हो गया है। ऐसे में अगर अनिका का वजन बढ़ता चला गया और पैसा इकट्ठा नहीं हो पाया तो ये मौका भी परिवार के हाथ से निकल जाएगा। इसलिए माता-पिता उसका ध्यान रख रहे हैं, लेकिन अभी अनिका की तबीयत ठीक नहीं है, ऐसे में माता-पिता की चिंता ओर बढ़ गई है। मुंबई भी गए, सेलिब्रिटी से मांगी मदद अनिका की मां सरिता ने बताया कि बेटी की इलाज के लिए जो पैसा बचा हुआ है उसे जमा करने के लिए सारी कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वे हाल ही में मुंबई गए थे। जहां वे कई सेलिब्रिटियों से मिले और उनसे बेटी की मदद के लिए वीडियो बनाने की बात की। माता-पिता अनिका के साथ एक्टर सोनू सूद, प्रेम चौपड़ा, हिंदुस्तानी भाऊ और हुसैन मंसूरी से मिल चुके हैं। इनमें से कुछ सेलिब्रिटी से वीडियो भी बनवाए हैं। मां सरिता ने बताया कि वे सलमान खान के घर के बाहर दो-तीन दिन भी खड़े हुए, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। आगामी दिनों में 23 तारीख को पेटलावद में और 25 तारीख को थांदला में कैंप लगा रहे हैं। पिता बोले 24 हजार लोग भी 1-1 हजार दे तो हो जाएगा इलाज अनिका के पिता प्रवीण शर्मा ने बताया कि अनिका की वजन बढ़ गया है। उसका स्वास्थ्य भी खराब है और कमजोर लग रही है। 15 दिन पहले उसका 10 किलो 500 ग्राम वजन था जो अब 10 किलो 900 ग्राम से ज्यादा हो गया है। जनता की मदद और सहयोग से 6 करोड़ 60 लाख रुपए इकट्ठा हो चुके हैं, 2 करोड़ 40 लाख रुपए की ओर जरूरत है। अगर 24 हजार लोग एक-एक हजार रुपए डोनेट कर देंगे तो 2 करोड़ 40 लाख रुपए जमा हो जाएंगे, जिससे जल्द से जल्द उसका इलाज करा सकेंगे। 25 तारीख को दिल्ली जाएंगे वहां पर उसकी जांचे करवाएंगे और आगे की तैयारी करेंगे। जनता के सहयोग से हम यहां तक पहुंच सके हैं, उम्मीद है कि जनता ओर सहयोग कर देगी तो बेटी का इलाज हो जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… मासूम अनिका के लिए पैसा जुटाने में लगा परिवार इंदौर की ढाई साल की मासूम अनिका एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही है, जिसका इलाज भारत में उपलब्ध नहीं है।इस बीमारी से बचाने के लिए अमेरिका से 9 करोड़ रुपए का इंजेक्शन मंगवाना जरूरी है।माता-पिता बेटी की जान बचाने के लिए क्राउड फंडिंग के जरिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।अब तक करीब सवा दो करोड़ रुपए जुटाए जा चुके हैं, लेकिन रास्ता अभी लंबा है।पूरी खबर पढ़ें


