हल्दीराम की सेवपुरी में मिला जिंदा किड़ा, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो

हल्दीराम की सेवपुरी में मिला जिंदा किड़ा, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो

मुंबई के मालाड इलाके में स्थित हल्दीराम के आउटलेट में स्वच्छता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो के अनुसार यहां एक ग्राहक को सेवपुरी में जिंदा कीड़ा मिला। वीडियो में सेवपुरी की प्लेट में कीड़ा चलते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद से सोशल मीडिया यूजर्स की इस पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इतने बड़े ब्रांड के आउटलेट में फूड सेफ्टी प्रोटोकॉल की अनदेखी होने की लोग कड़ी आलोचना कर रहे है। यह घटना 17 अप्रैल को मालाड वेस्ट स्थित इंफिनिटी मॉल के भीतर मौजूद हल्दीराम आउटलेट की बताई जा रही है।

इंफिनिटी मॉल में स्थिति आउटलेट में हुई घटना

यहां एक ग्राहक को सर्व की गई सेवपुरी की प्लेट में एक जिंदा, रेंगता हुआ कीड़ा देखा गया। यह नजारा इतना चौंकाने वाला था कि आसपास बैठे अन्य ग्राहक भी घबरा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्राहक अन्य ग्राहकों को भी वह प्लेट दिखाते हुए नजर आता है। आसपास मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह जाते हैं। कई लोग यह कहते हुए सुने गए कि इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है, खासकर तब जब आउटलेट देखने में साफ-सुथरा लगता है। ग्राहक ने वीडियो के अंत में कहा कि भले ही आउटलेट का इंटीरियर और प्रेजेंटेशन अच्छा हो, लेकिन असली सवाल खाने की गुणवत्ता और सुरक्षा का है।

स्टाफ ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया

सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात को लेकर है कि शिकायत के बाद स्टाफ का रवैया बेहद उदासीन बताया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों ने इस गंभीर मामले को हल्के में लेते हुए केवल डिश बदलने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने न तो माफी मांगी और न ही मामले की गंभीरता को स्वीकार किया। इस व्यवहार ने ग्राहकों के गुस्से को और भड़का दिया है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक गलती नहीं, बल्कि सिस्टमेटिक लापरवाही का उदाहरण है, जहां फूड सेफ्टी नियमों का पालन नहीं हो रहा।

सोशल मीडिया पर आक्रोश और कार्रवाई की मांग

वीडियो वायरल होने के साथ ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने इस घटना को खतरनाक और अस्वीकार्य बताया। उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त जुर्माना या आउटलेट को अस्थायी रूप से बंद किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। अब निगाहें फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *