देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र में बाईपास रोड स्थित जे.डी. पब्लिक स्कूल के पीछे रविवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रामपुर खुरहुरिया गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज राजभर के रूप में हुई है। सुबह के समय कुछ लोगों ने उधर से गुजरते हुए पेड़ से लटके शव को देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। भटनी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच करने की बात कह रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


