ललितपुर जिले के जखौरा थाना अंतर्गत ग्राम रायपुर में एक देशी शराब दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक मजदूर की पिटाई की। इस मारपीट का वीडियो शनिवार शाम को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद जखौरा पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और उन पर कार्रवाई की गई थी। ग्राम रायपुर निवासी कल्यान सिंह पुत्र फेरन गांव में मजदूरी करता है। 15 अप्रैल की शाम को उसे गांव की देशी शराब की दुकान पर सफाई के लिए बुलाया गया था। कल्यान ने सफाई का काम पूरा करने के बाद रात 8 बजे जब अपनी मजदूरी के पैसे मांगे, तो दुकानदार ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर उसे गाली-गलौज करते हुए पीटा।
मारपीट की इस घटना का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया था, जिसे शनिवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। कल्यान सिंह ने बताया कि दुकानदार द्वारा मारपीट किए जाने के बाद वह जखौरा थाने गया था। थानाध्यक्ष जखौरा ने दैनिक भास्कर को बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उसी दिन दोनों पक्षों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई थी।


