रतलाम में तापमान 44 डिग्री, मौसम विशेषज्ञ बोले, अभी राहत नहीं

रतलाम में तापमान 44 डिग्री, मौसम विशेषज्ञ बोले, अभी राहत नहीं

रतलाम. शहर में अप्रेल माह के तीसरे सप्ताह के शनिवार को भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया। दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी कुछ दिन राहत के आसार नहीं हैं।

आसमान से बरसती आग और सूरज की तेज किरणों से सडक़ें बुरी तरह तप गईं। इनसे उठने वाली गर्म हवा की लपटें वाहन चालकों और राहगीरों के लिए ‘लू’ के समान अनुभव हो रही थीं, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज धूप से बचने के लिए राहगीर बालिकाएं दुपट्टे का सहारा लेती भी दिखीं।

दोपहर में सडक़ों पर आवागमन कम
दोपहर के समय सडक़ों पर इक्का-दुक्का वाहन चालक ही नजर आए, जो इस प्रचंड गर्मी की तीव्रता को दर्शाता है। लोगों ने अपने घरों और कार्यालयों में पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर का सहारा लेकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश की।

अन्य जिलों से अधिक तापमान
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, रतलाम के बाद अन्य शहरों में भी अत्यधिक तापमान दर्ज किया गया। उमरिया में 43.8 डिग्री सेल्सियस और मंडला में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। रतलाम में सुबह की आद्र्रता 69 प्रतिशत और शाम की आद्र्रता 22 प्रतिशत दर्ज की गई।

पांच दिन में विशेष परिवर्तन नहीं
विभाग ने अनुमान लगाया है कि आगामी पांच दिनों में तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी का यह दौर जारी रहने का संकेत मिलता है। पिछले वर्ष 18 अप्रेल को रतलाम का दिन का तापमान 43.8 डिग्री और रात का तापमान 25.5 डिग्री था। इस वर्ष के आंकड़ों से पता चलता है कि अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है।

दिनांक अधि. 2026 अधि. 2025
18 अप्रेल 44.0 43.8
17 अप्रेल 42.3 43.2
16 अप्रेल 42.8 42.6
15 अपे्रल 42.0 42.2
14 अप्रेल 41.4 42.2
13 अप्रेल 41.2 39.5
12 अप्रेल 41.0 39.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *