भिंड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र में लहार रोड पर शुक्रवार को ट्रैक्टर और फोर व्हीलर (लोडिंग वाहन) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर में सवार लोग जालौन क्षेत्र के अर्जुनपुरा गांव से लगुन चढ़ाकर अपने गांव परसाला लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज, लोग सड़क पर गिरे टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर में बैठे लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में उमाशंकर बघेल, महेंद्र सिंह, कल्लू सिंह, रामबाबू बघेल, योगेश और हरेंद्र शामिल हैं। वहीं लोडिंग वाहन में सवार शशि प्रभा देवी भी घायल हुई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


