मंत्री सिलावट ने हसनपुरा तालाब गहरीकरण का शुभारंभ किया:101 हेक्टेयर सिंचाई को मिलेगा लाभ; जल गंगा अभियान में जनभागीदारी पर जोर

मंत्री सिलावट ने हसनपुरा तालाब गहरीकरण का शुभारंभ किया:101 हेक्टेयर सिंचाई को मिलेगा लाभ; जल गंगा अभियान में जनभागीदारी पर जोर

बुरहानपुर में शनिवार को प्रदेश के जल संसाधन विभाग और जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ग्राम हसनपुरा में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर हसनपुरा तालाब गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान एक रोचक घटना सामने आई। पूजा के समय अगरबत्ती घुमाते हुए नेपानगर विधायक मंजू दादू के हाथ से गलती से प्रभारी मंत्री को अगरबत्ती का हल्का चटका लग गया। पूजा पूरी होने पर विधायक मुस्कुराईं और मंत्री के हाथ जोड़े, वहीं पास बैठे जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को को उन्होंने हाथ में चटका लगने की बात बताई। समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज माने और पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर सहित अन्य उपस्थित लोग भी इस क्षण पर मुस्कुराए। गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य करने के निर्देश
प्रभारी मंत्री सिलावट ने तालाब गहरीकरण कार्य में लगे श्रमिकों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संचयन की शपथ भी ली। गौरतलब है कि तालाब गहरीकरण से इसकी जलधारण क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे आसपास के 101 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणजनों-महिलाओं के बीच बैठकर संवाद
जल गंगा संवर्धन अभियान कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सिलावट ने ग्रामीणजनों और महिलाओं के बीच बैठकर संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभ की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। मंत्री सिलावट ने आयुष्मान कार्ड निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन वितरण, उज्ज्वला योजना और पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि जल गंगा संवर्धन अभियान को जनभागीदारी से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना है, जिससे जल संरक्षण के प्रयासों को व्यापक सफलता मिल सकेगी। इस दौरान एएसपी एएस कनेश, नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। देखिए तस्वीरें…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *