मोगा के बैंक कॉलोनी क्षेत्र में नगर निगम के एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सिटी मोगा पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता कुलविंदर सिंह ने बताया कि नगर निगम मोगा के कर्मचारी वरिंदर सिंह को उच्च अधिकारियों द्वारा एक नोटिस जारी किया गया था। यह नोटिस हरप्रीत कौर उर्फ सोना को उनके घर के बाहर गली में हो रहे अवैध निर्माण के संबंध में देना था। कर्मचारी वरिंदर सिंह जब गली नंबर 1, बैंक कॉलोनी मोगा में नोटिस देने पहुंचे, तो हरप्रीत कौर उर्फ सोना और मोना पुत्रियां जोगिंदर सिंह ने नोटिस लेने से इन्कार कर दिया। इस दौरान दोनों महिलाओं ने कर्मचारी को बाजू से पकड़ लिया। तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज इस बीच उनके पड़ोसी बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की पुत्र करमजीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर वरिंदर सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने वरिंदर सिंह की पगड़ी उतार दी और उनकी दाढ़ी व सिर के बाल भी खींचे। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने हरप्रीत कौर उर्फ सोना, मोना और बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


