झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक 37.4 मिमी वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में रिकॉर्ड की गई, जबकि राजधानी रांची में केवल हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान डालटनगंज में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस कोडरमा में रिकॉर्ड किया गया। तापमान में कुछ स्थानों पर 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान कई क्षेत्रों में सामान्य से ऊपर बना रहा। तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ोत्तरी के आसार मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई है। 18 अप्रैल से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। राजधानी रांची में 18 से 21 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला समेत कई जिलों में भी तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इससे दिन के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। 19 से 21 अप्रैल तक कई जिलों में लू का अलर्ट मौसम विभाग ने 19 से 21 अप्रैल के बीच राज्य के कई जिलों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है। 19 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं लू चल सकती है। 20 अप्रैल को इसका दायरा बढ़कर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 21 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो सकती है, जब खूंटी, सिमडेगा सहित कई जिलों में लू चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। 22 और 23 अप्रैल को भी मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी का असर बरकरार रहेगा। तापमान में लगातार वृद्धि के संकेत मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। राजधानी रांची, बोकारो और हजारीबाग जैसे जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में और वृद्धि हो सकती है।


