अगर इन 5 खामियों को दूर कर ले मुंबई इंडियंस, तो जीत की पटरी पर लौटना हो जाएगा आसान

अगर इन 5 खामियों को दूर कर ले मुंबई इंडियंस, तो जीत की पटरी पर लौटना हो जाएगा आसान

MI Performance in IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम ने इस सीजन अब तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 4 में हार का सामना करना पड़ा है। दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद एमआई टीम बुरी तरह फ्लॉप रही है। आइए आपको वे 5 कारण बताते हैं, जिनके चलते मुंबई इंडियंस हार का सिलसिला नहीं तोड़ पा रही है।

आउट ऑफ फॉर्म हैं सूर्यकुमार यादव

मुंबई इंडियंस के लिए अनुभवी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। सूर्यकुमार 5 मुकाबलों में सिर्फ 106 रन ही बना सके हैं। वह बीच के ओवरों में टीम की पारी संभालने की जिम्मेदारी निभाते हैं। पिछले सीजन सूर्या ने 16 मुकाबलों में 717 रन बनाए थे, जिसकी बदौलत टीम दूसरे क्वालिफायर तक पहुंची थी। उनका रन न बनाना एमआई को भारी पड़ रहा है।

हार्दिक पंड्या का भी नहीं दिखा कमाल

सूर्यकुमार यादव के साथ-साथ हार्दिक पंड्या भी इस सीजन बल्ले और गेंद दोनों से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं। टॉप ऑर्डर के नाकाम होने पर एमआई को हार्दिक से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहती है। हालांकि, हार्दिक 4 मुकाबलों में 27 की औसत से महज 81 रन ही बना सके हैं। बतौर फिनिशर वह उस लय में नजर नहीं आए हैं, जिसके लिए जाने जाते हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 5 मुकाबलों में 7 विकेट लिए हैं, लेकिन उनका इकोनॉमी रेट 9.17 रहा है।

तिलक वर्मा ने भी किया है निराश

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी क्रम को संतुलन देने वाले तिलक वर्मा आईपीएल 2026 में रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। 5 मुकाबलों में तिलक 134 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सिर्फ 43 रन ही बना सके हैं। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव भी उनके लिए कारगर साबित नहीं हुआ है।

एक विकेट के लिए तरस रहे बुमराह

आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह 5 मुकाबलों में एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं। बुमराह का विकेट न लेना एमआई को भारी पड़ रहा है। खासतौर पर डेथ ओवरों में उनके विकेट टीम को विपक्षी स्कोर रोकने में मदद करते थे। उनके प्रभावी प्रदर्शन के अभाव में एमआई दबाव बनाने में नाकाम रही है। दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और ट्रेंट बोल्ट भी गेंद से खास असर नहीं डाल पाए हैं।

अच्छे स्पिनर की खल रही कमी

मुंबई इंडियंस को इस सीजन एक अच्छे स्पिनर की कमी साफ नजर आई है। अल्लाह गजनफर रनों पर लगाम लगाने में नाकाम रहे हैं। वहीं, मिचेल सेंटनर भी बीच के ओवरों में विकेट लेने में सफल नहीं रहे। गजनफर ने 3 मुकाबलों में 4 विकेट लिए हैं, लेकिन उनका इकोनॉमी 10.71 का रहा है, जबकि सैंटनर 2 मुकाबलों में सिर्फ 2 विकेट ही ले सके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *