बेकाबू बग्घी की टक्कर से हादसा:बस्ती में ट्रक मालिक की मौत, गर्दन-जबड़ा बुरी तरह जख्मी

बेकाबू बग्घी की टक्कर से हादसा:बस्ती में ट्रक मालिक की मौत, गर्दन-जबड़ा बुरी तरह जख्मी

बस्ती में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन माल गोदाम रोड पर शुक्रवार को एक हादसे में ट्रक मालिक की जान चली गई। बेकाबू घोड़े की बग्घी से जुड़े बांस के तेज प्रहार से उनकी गर्दन और जबड़ा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के पिकौरा बक्स गांधीनगर निवासी 56 वर्षीय अरविंद कुमार चतुर्वेदी पुत्र स्व. नर्वेश्वर चतुर्वेदी ट्रक संचालन का कार्य करते थे। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह रेलवे माल गोदाम पहुंचे थे। दोपहर में गर्मी लगने पर वह सड़क किनारे पानी से चेहरा धो रहे थे। इसी दौरान बरदहिया की ओर से एक घोड़ा बग्घी सहित अचानक बेकाबू होकर तेज रफ्तार में दौड़ता हुआ आया। बग्घी में लगा बांस सीधे उनके गले में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौजूद अन्य ट्रक मालिक तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बग्घी का टायर पंचर होने के बाद चालक उसे ठीक कराने की तैयारी कर रहा था, तभी घोड़ा अचानक बिदक गया और बग्घी समेत तेजी से भागते हुए माल गोदाम पहुंच गया। सूचना पर पहुंची पुरानी बस्ती पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआई अरणंजय सिंह और मुकेश कुमार ने मौके पर जांच-पड़ताल की। मृतक अरविंद कुमार चतुर्वेदी चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी सरोज चतुर्वेदी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की कोई संतान नहीं थी।इस घटना पर ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक सिंह बघेल समेत कई सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *