भारत को दो आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले कप्तान रोहित शर्मा का अगले साल वनडे वर्ल्ड कप खेलना अभी तय नहीं है। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कोच गौतम गंभीर रोहित और विराट कोहली की जगह को कंफर्म नहीं बता रहे हैं। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अजीत अगरकर और गंभीर रोहित-कोहली को वर्ल्ड कप में नहीं चाहते हैं। लेकिन पूर्व कप्तान और चीफ सेलेक्टर दिलीप वेंगसरकर ने कहा है कि रोहित वर्ल्ड कप खेल सकते हैं।
रोहित की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीता था। इसके बाद उनकी ही कप्तानी में चैंपियन ट्रॉफी 2025 अपने नाम की। इसके बाद से ही रोहित और कोहली की टीम इंडिया में जगह पर खतरा मंडरा रहा है। पिछले साल मई में दोनों ने टेस्ट को अलविदा कहा था। टी20 इंटरनेशनल को तो दोनों 2024 में ही छोड़ चुके थे।
वेंगसरकर का मानना है कि रोहित महान खिलाड़ी हैं और क्रिकेट में फॉर्म और फिटनेस मायने रखती है। वेंगसरकर ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कहा कि, मैंने उन्हें आईपीएल में नहीं देखा है, लेकिन वह महान खिलाड़ी हैं। हर महान खिलाड़ी अपने प्रदर्शन, मैच जिताने और भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने को लेकर गर्व महसूस करता है। वह वर्ल्ड के बेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं।


