कानपुर के सजेती क्षेत्र में यमुना नदी में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और दूसरे दिन देर शाम शव बरामद कर लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सजेती थाना क्षेत्र के अनेशी डेरा निवासी पिंटू निषाद (38) बुधवार को अपने मौसेरे भाई गोविंद और साथी मिथुन के साथ यमुना नदी में मछली पकड़ने गया था। शाम तक गोविंद और मिथुन घर लौट आए, लेकिन पिंटू वापस नहीं आया। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की। नदी किनारे नाव में उसके कपड़े मिलने से आशंका और गहरा गई। एनडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को बुलाकर यमुना नदी में खोजबीन शुरू कराई। गुरुवार देर शाम टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि वह जिस स्थान पर मछली पकड़ रहा था, वहीं पानी में पत्थरों के बीच फंसा मिला। मृतक पिंटू निषाद खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


