सागर जिले के जैसीनगर में स्थित महाराणा प्रताप स्कूल की मान्यता निलंबित कर दी गई है। दस्तावेजों में हेराफेरी पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी, सागर द्वारा गठित जांच समिति ने अशासकीय महाराणा प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जैसीनगर की जांच की। जांच समिति द्वारा उक्त विद्यालय से प्राप्त अभिलेखों का नियमानुसार परीक्षण किया गया। जांच प्रतिवेदन में महाराणा प्रताप उमावि, जैसीनगर में प्रवेशित विद्यार्थियों की टीसी, पूर्व कक्षा की अंकसूची, समग्र आईडी, दाखिल-खारिज पंजी आदि आवश्यक दस्तावेज संस्था में उपलब्ध नहीं पाए गए। उपलब्ध दस्तावेजों में संचालक व प्राचार्य द्वारा हेराफेरी की पुष्टि प्रमाणित की गई है। फर्जी डॉक्यूमेंट पर चल रहा था कॉलेज
जांच में पाया गया कि संस्था संचालक द्वारा स्कूल भवन में ही डीएड कॉलेज भी संचालित होने के प्रमाण प्रस्तुत किए गए, जो मध्यप्रदेश माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शालाओं की मान्यता नियम 2017 (संशोधन नियम 2020 यथा संशोधित नियम 2021) का उल्लंघन है। गड़बड़ी मिलने पर संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संभाग सागर ने महाराणा प्रताप उमावि, जैसीनगर की मान्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए आदेश जारी किया है। उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।


