Heat Wave: छत्तीसगढ़ में गर्मी अब अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज से 19 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ दिन के समय गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य पर असर से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 16 से 19 अप्रैल तक लू चल सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। बुधवार को राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा।
वहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा। इसकी तुलना में रायपुर में पारा 41.7 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे में राजधानी में पारा एक डिग्री चढ़ गया। जबकि प्रदेश में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है।
अप्रैल का तीसरा सप्ताह शुरू होते ही गर्म हवा के थपेड़ों ने लाेगों को परेशान कर दिया है। बुधवार को राजधानी में दोपहर गर्म हवा से लोग परेशान रहे। तेज गर्मी से बचने के लिए कई लोग चेहरे पर स्कार्फ व सिर पर गमछे बांधे नजर आए। हालांकि दोपहर में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन इससे खास फर्क नहीं पड़ा। गुरुवार को रायपुर का पारा 42 डिग्री रहने की संभावना है।
वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। पहाड़ी व मैदानी इलाकों में अच्छी खासी गर्मी ने लोगों को हलाकान कर दिया है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक अधिक है। न्यूनतम तापमान कहीं सामान्य से कम तो कहीं ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मौसम शुष्क है। इसलिए दिन व रात तापमान क्रमश: बढ़ते जाएगा।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने हालांकि अभी कोई रेड अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन 16 अप्रैल से लू की संभावना को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेवजह घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सूती कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है।
मौसम विभाग की सलाह
दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
हल्के और सूती कपड़े पहनें
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें
जनजीवन पर असर
तेज गर्मी के चलते लोग सावधानी बरतते नजर आ रहे हैं—
बाहर निकलते समय चेहरे पर स्कार्फ या गमछा बांधना
सिर को ढककर चलना
धूप से बचने के लिए छाया में रहना


