सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर हाटी मोड़ के पास बुधवार रात करीब 9 बजे ऑटो और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वर्तमान में घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने शव को मरचुरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है और आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। सतना से कुड़िया जा रहे थे युवक, सिर में आई गंभीर चोट पुलिस के अनुसार, अतरहरा निवासी लवलेश (28) पुत्र पुरुषोत्तम सेन और कुड़िया निवासी राहुल (24) पुत्र रमेश सेन बुधवार रात करीब 9 बजे सतना से बाइक पर सवार होकर कुड़िया जा रहे थे। हाटी मोड़ के पास पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रहे एक ऑटो से टकरा गई। इस हादसे में लवलेश के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से सिविल लाइन थाना पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। ‘ब्लैक स्पॉट’ है हाटी मोड़, 2 दिन पहले पलटी थी बस हाटी मोड़ को जिला प्रशासन द्वारा सतना-चित्रकूट मार्ग पर एक ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया गया है। इसके बावजूद, इस स्थान पर न तो डिवाइडर लगाए गए हैं और न ही रेडियम प्लेटें लगाई गई हैं। सड़क हादसों को रोकने के लिए दिशा की बैठकों में इस ब्लैक स्पॉट पर कई बार चर्चा हो चुकी है। बता दें कि मंगलवार को भी इसी स्थान पर एक ऑटो को बचाने के चक्कर में एक बस पलट गई थी, जिसमें 25 यात्री घायल हुए थे।


