डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विदिशा के अहमदपुर चौराहे पर कांग्रेस सेवा दल द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। साथ ही, संविधान की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से शपथ ली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान नेताओं ने बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए उनके योगदान को देश के लोकतांत्रिक ढांचे की नींव बताया। जिलाध्यक्ष बोले- संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत
कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत है, जिसने हर वर्ग को समान अधिकार दिए हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में संविधान की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है और कांग्रेस पार्टी हमेशा इसके संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है। रघुवंशी ने आगे कहा कि हम सभी शपथ लेते हैं कि किसी भी परिस्थिति में संविधान की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचने देंगे। यदि कोई इसे कमजोर करने की कोशिश करेगा, तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। कहा- सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे
वहीं, कांग्रेस नेता रामराज डांगी ने कहा कि कांग्रेस परिवार द्वारा पूरे सम्मान और उत्साह के साथ बाबा साहब की जयंती मनाई गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान समय में संविधान के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। डांगी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संविधान की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


