संभल में आलू के 3300 कट्टे जलकर राख, VIDEO:शादी समारोह में सिगरेट से लगी आग, किसानों को 5 लाख तक का नुकसान

संभल में आलू के 3300 कट्टे जलकर राख, VIDEO:शादी समारोह में सिगरेट से लगी आग, किसानों को 5 लाख तक का नुकसान

संभल के हयातनगर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान आलू के 3,300 कट्टों में आग लग गई। यह घटना रविवार शाम को हुई, जिसमें दो किसानों को 5 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेंकी गई जलती सिगरेट से आग लगी। घटना हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर की है। गांव निवासी मुशर्रफ की बेटी की शादी थी और बारात संभल कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडी किशनदास सराय से आई थी। बताया जा रहा है कि बारात में शामिल किसी व्यक्ति ने सिगरेट पीकर जलती हुई सिगरेट को आलू के कट्टों पर फेंक दिया। शुरुआत में हल्का धुआं उठा, लेकिन सिगरेट फेंकने के लगभग आधे घंटे बाद आग भीषण रूप ले चुकी थी। आग की ऊंची लपटें देखकर शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। यह घटना रविवार शाम 5 बजे हुई और ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम 7:30 बजे आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल शहबाज आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी है। इस अग्निकांड में गांव निवासी रिफाकत के 2,000 आलू के कट्टे और मुनव्वर के लगभग 1,300 आलू के कट्टे जलकर राख हो गए। रिफाकत ने लेखपाल को 3.50 लाख रुपये और मुनव्वर ने 1.50 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी है। दमकल विभाग को आग की सूचना नहीं दी गई थी। ग्रामीणों ने अपने निजी संसाधनों का उपयोग करते हुए लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया, हालांकि उसके बाद भी काफी देर तक धुआं उठता रहा। थाना प्रभारी उमेश सोलंकी ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *