दौसा जिले के श्यालावास स्थित विशिष्ट केंद्रीय जेल में एक बंदी की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जयपुर निवासी कृष्ण कुमार (37) के रूप में हुई है, जो पॉक्सो एक्ट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार, बंदी कृष्ण की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी यूनिट में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन की सूचना पर पापडदा थाना पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मृतक बंदी कृष्ण कुमार नवंबर 2025 में जयपुर से स्थानांतरित होकर श्यालावास जेल आया था। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


