उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित पाली प्रोजेक्ट क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। सेंट एलोयसियस स्कूल के सामने लगे ट्रांसफार्मर से जुड़ी स्कूल की केबल में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही केबल से तेज चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही विभाग ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल की बिजली लाइन को अलग कर दिया गया। इस घटना के कारण पाली प्रोजेक्ट के कई इलाकों में करीब एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बाद में आंशिक रूप से बिजली बहाल की गई। आग लगने के बाद क्षेत्र के लोगों में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा। बिजली विभाग के अधिकारी गजेंद्र सिंह ने गुरुवार सुबह बताया कि आग स्कूल की केबल में लगी थी, ट्रांसफार्मर पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि स्कूल प्रबंधन को घटना की सूचना दे दी गई है और केबल बदलने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।


