मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मल्लूपुरा इलाके में एक घर से 12 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने मकान मालिक मोहम्मद चांद के घर को निशाना बनाया, जब परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था। यह घटना तब हुई जब मोहम्मद चांद अपने परिवार के साथ खालापार क्षेत्र में एक शादी में शामिल होने गए थे। करीब दो घंटे बाद जब परिवार घर लौटा, तो उन्होंने मुख्य गेट खुला पाया और अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। मोहम्मद चांद ने बताया कि घर से 12 लाख रुपये नकद गायब थे। यह राशि उन्होंने अपनी दो बेटियों की शादी के लिए वर्षों से जमा की थी। शादी नजदीक होने के कारण इस चोरी से परिवार सदमे में है। पीड़ित परिवार के अनुसार, उनके इलाके में पहले कभी इतनी बड़ी चोरी नहीं हुई थी। इस घटना के बाद से आसपास के लोगों में भी डर का माहौल है और वे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।


