– शहर में वर्तमान में 6 चार्जिंग स्टेशन, जल्द दो और खुलेंगे
– शहर में ई-रिक्शा और दुपहिया की संख्या में तेजी से वृद्धि
धौलपुर. ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग ने दुनिया में ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। खाड़ी देशों से आने वाले पेट्रोलियम पदार्थ और गैसों की सप्लाई बाधित होने से देश में भी असर दिखा है। हालांकि, अभी स्थिति नियंत्रण में है लेकिन युद्ध के नहीं थमने से आगामी दिनों में संकट के बादल छाने की आशंका है। इस बीच पेट्रोल-डीजल वाहनों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) ने तेजी से ध्यान खींचा है। जिले में सर्वाधिक ईवी वाहनों में परिवहन सेवा के ई-रिक्शा हंै लेकिन यह बैटरी चलित हैं। इनकी संख्या करीब 650 से 700 के बीच है। जबकि बड़े वाहनों में कार सेगमेंट में अभी संख्या बेहद कम है। जिले में करीब एक दर्जन ईवी कार हैं। वहीं, दुपहिया वाहनों की संख्या 400 से 500 के बीच होना बताया जा रहा है। साथ ही ईवी वाहन इसके अतिरिक्त भी हैं लेकिन 25 किलोमीटर की रफ्तार वाले वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं होता है। ऊर्जा संकट के चलते शहर में पीएनजी गैस के साथ अब लोग ईवी वाहन खरीद रहे हैं।
उधर, पीएम ई-ड्राइव योजना को मिली हरी झंडी से राजस्थान के लिए फायदेमंद साबित होना वाली है। केन्द्र ने राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम को ईवी वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन की सहुलियत आसानी से उपलब्ध कराने के लिए 81.12 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। जिससे प्रदेश में 591 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में शहरी क्षेत्र और हाइवे पर करीब आधा दर्जन चार्जिंग प्वाइंट हैं।
अभी बड़े महानगरा में लगेंगे चार्जिंग स्टेशन
नई योजना के अंतर्गत फिलहाल राजधानी जयपुर समेत बड़े शहरों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। इसमें जयपुर में 112, अजमेर में 49, उदयपुर में 39 तथा कोटा में 28 चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। इसके अतिरिक्त 34 चार्जिंग स्टेशन राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर स्थापित किए जाएंगे। संभवतया धौलपुर जिले में एनएच 44 के अलावा एनएच 123 (धौलपुर-भरतपुर) और एनएच 11बी (धौलपुर-लालसोट) पर भी आने वाले दिनों में चार्जिंग स्टेशन की सुविधा ईवी वाहन चालकों को उपलब्ध हो सकेगी।
देश में 262 स्थानों पर लगेंगे चार्जिंग स्टेशन
आने वाले समय में बड़े इलेक्ट्रॉनिक व्हीकलों को खरीदारों को गाड़ी चार्ज करने के लिए अधिक नहीं सोचना होगा। वर्तमान में केवल बड़े शहर और हाइवे पर ही चार्जिंग स्टेशन है, जिससे लम्बे सफर के दौरान कार और ट्यूरिस्ट बस ऑपरेटर ऐसे रूट से जाने से बचते हैं जहां चार्जिंग स्टेशन नहीं है। धौलपुर जिले के एनएच 44 से दिल्ली की तरफ से खुजराहो, भोपाल, इंदौर व महाराष्ट्र की तरफ बड़े ईवी वाहन गुजरते हैं। इसमें कुछ वाहन एनएच पर तीन चार्जिंग स्टेशनों पर चार्ज करते हैं। नई योजना के तहत राजस्थान में 81.12 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता से 262 स्थानों पर कुल 591 पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
शहरी क्षेत्र में 6 चार्जिंग स्टेशन
धौलपुर शहर में फिलहाल हाइवे पर ही चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध हैं। इसमें एनएच 44 पर करीब 4 से 5 और एक एनएच 11बी पर मौजूद है। इसमें शहर के पास तीन चार्जिंग प्वाइंट हैं। वहीं, एक ने पंप स्टेशन स्वीकृति ले रखी है लेकिन अभी स्टेशन को स्थापित नहीं किया है। वहीं, एक से दो चार्जिंग स्टेशन के लिए बिजली सप्लाई के लिए अलग से कनेक्शन को डिस्कॉम में फाइल लगी है। नया प्वाइंट भी गुलाब बाग चौराहे पर स्थापित होगा। जिससे ईवी वाहन आसानी से चार्ज हो सकेंगे। एक कार को चार्ज होने में करीब 45 से 50 मिनट लगते हैं।
प्रदूषण में आएगी कमी…
ईवी वाहनों से भविष्य में ट्रांसपोर्ट सिस्टम से हो रहे भारी प्रदूषण पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। अभी फिलहाल भारी वाहनों से बड़े स्तर पर प्रदूषण हो रहा है। इसमें डीजल वाहन गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। सर्दियों के दिनों में एनसीआर में प्रदूषण बढऩे से सरकार को भारी वाहनों पर प्रतिबंध समेत निर्माण कार्यों पर रोक लगानी पड़ती है। एनसीआर के सख्त नियमों की मार संभाग के दो जिले भरतपुर और डीग तक आती है।
जिले में ईवी व्हीकल
वाहन संख्या
कार 8-12ई-रिक्शा 650-700
दुपहिया 400-500(स्रोत: परिवहन विभाग)
– बढ़ते प्रदूषण को लेकर ईवी वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विशेषकर ग्रीन एनर्जी जिससे वातावरण को कम से कम नुकसान हो। चार्जिंग स्टेशन प्वाइंट के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले में कुछ प्वाइंट हैं।
– श्रीनिधि बी टी, जिला कलक्टर धौलपुर
– इलेक्ट्रिक व्हीकल की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। अब दुपहिया वाहनों की संख्या में कुछ तेजी आई है। बड़े वाहन ईवी कार अभी कम है। ईवी वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन होना जरुरी है। जिससे वह लम्बी दूरी के लिए आसानी से सफर तय कर सके। बड़े शहरों में अब चार्जिंग प्वाइंट खुल रहे हैं।
– गौरव शर्मा, परिवहन निरीक्षक


