Rajasthan Crime: एजीटीएफ ने जोधपुर में पकड़ी अवैध ड्रग्स फैक्ट्री, 3 करोड़ की एमडी और 55 किलो से ज्यादा केमिकल बरामद

Rajasthan Crime: एजीटीएफ ने जोधपुर में पकड़ी अवैध ड्रग्स फैक्ट्री, 3 करोड़ की एमडी और 55 किलो से ज्यादा केमिकल बरामद

जोधपुर। राजस्थान में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जोधपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। बनाड़ थाना क्षेत्र में एक मकान की छत पर संचालित इस फैक्ट्री से पुलिस ने 3.055 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स और 55 किलो 725 ग्राम खतरनाक रसायन बरामद किए हैं। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है।

एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गणपतराम बेनीवाल (40) निवासी मंडली, बालोतरा हाल शंकर नगर बनाड़, जोधपुर को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने करीब 12 लाख रुपए का कर्ज चुकाने के लिए सांचौर के तस्करों आसुराम उर्फ लक्की और भाणु से सौदा किया था। इसके बाद उसने अपने ही घर ‘बेनीवाल सदन’ को ड्रग्स बनाने की अवैध लैब में बदल दिया। पुलिस के अनुसार मौके से बरामद रसायनों से करीब 60 किलो और एमडी ड्रग्स तैयार करने की योजना बनाई गई थी।

बल्ब की रोशनी में चल रही थी ड्रग्स लैब

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि एजीटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि जोधपुर में ड्रग्स माफिया बड़ी मात्रा में एमडी तैयार कर पैडलरों तक पहुंचा रहे हैं। इसी बीच एजीटीएफ के एएसआई राकेश जाखड़ को इस फैक्ट्री के बारे में गोपनीय जानकारी मिली। सूचना के आधार पर एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।

इसके बाद एजीटीएफ, एटीएस, डीएसटी और बनाड़ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से रात के समय सुनसान इलाके में स्थित मकान की घेराबंदी की। जब टीम छत पर पहुंची तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। एक बल्ब की रोशनी में गद्दों पर एमडी ड्रग्स सुखाई जा रही थी और आसपास केमिकल से भरे ड्रम व इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे रखे थे।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने मौके से 3.055 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स के अलावा डाइक्लोरोमीथेन, मैक्स फाइन केम, डी-आयोनाइज्ड वॉटर और ज्योति हाइड्रोटेक जैसे खतरनाक रसायन, इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा, नौ बाल्टियां, स्टील के बर्तन और ड्रग्स तैयार करने में काम आने वाले अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस

इस कार्रवाई में एएसआई राकेश जाखड़ और कांस्टेबल सुमेर सिंह की अहम भूमिका रही, जबकि तकनीकी सहयोग एएसआई रमेश कुमार यादव ने दिया। बनाड़ थानाधिकारी लेखराज और डीएसटी प्रभारी खेत सिंह की टीम ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमृत लाल जिनगर को सौंपी गई है। पुलिस मुख्य सरगना आसुराम उर्फ लक्की और भाणु की तलाश में दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *