नीमच में कार पेड़ से टकराई:बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चार लोग घायल

नीमच में कार पेड़ से टकराई:बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चार लोग घायल

नीमच सिटी थाना क्षेत्र के जेतपुरा-रावतखेड़ा मार्ग पर गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए। धानुका फैक्ट्री के पास हुई इस घटना में एक कार पेड़ से टकरा गई। घायलों में तीन कार सवार श्रद्धालु और एक बाइक सवार शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले के घसोई गांव के पांच निवासी दोपहर करीब 2 बजे अपने गांव से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मंडफिया धाम सांवलिया जी के दर्शन के लिए निकले थे। जेतपुरा फंटा स्थित धानुका फैक्ट्री के पास पहुंचने पर, सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। घायलों की पहचान घसोई निवासी बालाराम पिता दिनेश लोहार (39), रामचंद्र पिता गंगाराम सुथार (37) और कुशल पिता नागूलाल सुथार (40) के रूप में हुई है। इस हादसे में नीमच निवासी बाइक सवार सुरेश पिता रामनारायण मालवीय भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *