IPL में चार नंबर पर क्वालिफाई कर क्या किसी टीम ने जीता है खिताब? सिर्फ इस टीम ने टॉप 2 के बाहर रहते हुए जीती है ट्रॉफी

IPL में चार नंबर पर क्वालिफाई कर क्या किसी टीम ने जीता है खिताब? सिर्फ इस टीम ने टॉप 2 के बाहर रहते हुए जीती है ट्रॉफी

IPL के इतिहास में अभी तक कोई भी टीम लीग स्टेज में चौथे स्थान पर रहकर चैंपियन नहीं बनी है। इस सीजन राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर फिनिश करके प्लेऑफ में पहुंची है, इसलिए उनके सामने यह ऐतिहासिक चुनौती होगी। 

Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का लीग स्टेज समाप्त हो चुका है। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अंतिम चार में जगह बनाई है। आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबले मंगलवार यानी 26 मई से खेले जाएंगे।

प्लेऑफ का शेड्यूल

26 मई को अंक तालिका में टॉप-2 पर रहने वाली गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच पहला क्वालीफायर मैच खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। 27 मई को तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा। इस मैच को हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम क्वालीफायर-1 की हारने वाली टीम के खिलाफ 29 मई को दूसरे क्वालीफायर में खेलेगी।

चौथे नंबर की टीम ने नहीं जीता IPL

आईपीएल के इतिहास में अभी तक कोई भी टीम लीग स्टेज में चौथे स्थान पर रहकर चैंपियन नहीं बनी है। इस सीजन राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर फिनिश करके प्लेऑफ में पहुंची है, इसलिए उनके सामने यह ऐतिहासिक चुनौती होगी। प्लेऑफ फॉर्मेट की शुरुआत 2011 से हुई थी। उसके बाद टॉप-2 के बाहर रहकर सिर्फ एक टीम ही खिताब जीत सकी है।

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2016 में तीसरे स्थान पर फिनिश किया था और वह एलिमिनेटर खेलकर खिताब जीतने वाली इकलौती टीम है। हालांकि, डेक्कन चार्जर्स (DC) ने आईपीएल 2009 में चौथे स्थान पर रहकर खिताब जीता था, लेकिन उस समय मौजूदा प्लेऑफ फॉर्मेट नहीं था। तब सीधे सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाते थे।

चारों टीमों के बीच एक गज़ब का संयोग

इस सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने वाली चारों टीमों के बीच एक गज़ब का संयोग है। इन चारों टीमों ने एक-एक बार आईपीएल का खिताब जीता है। इसका मतलब है कि जो भी टीम अब फ़ाइनल जीतेगी, वह दूसरी बार चैम्पियन बनेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन आईपीएल 2025 में खिताब जीता था। गुजरात टाइटंस ने अपने डेब्यू सीजन 2022 में ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। सनराइजर्स हैदराबाद 2016 की चैंपियन है, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के पहले सीजन 2008 में खिताब जीता था। अब ये चारों टीमें अपने दूसरे खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *