Iran and US-Israel Conflict: ईरान और US-इजरायल के बीच 28 फरवरी से शुरू हुई जंग थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि, कई देश युद्ध विराम (Ceasefire) की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे समय में अमेरिका को झटका लगा है। अब ऑस्ट्रिया ने ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका की मदद करने से इनकार कर दिया है। ऑस्ट्रिया ने अमेरिका को ईरान के खिलाफ युद्ध में इस्तेमाल के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।
कई देश सैन्य अभियानों से बना चुके दूरी
ईरान और US-इजरायल के बीच जारी जंग को एक महीने से अधिक समय गुजर चुका है। इस जंग में यूरोप के कई देश अमेरिका के सैन्य अभियानों से दूरी बना चुके हैं। इन देशों में नया नाम ऑस्ट्रिया का जुड़ गया है। ऑस्ट्रिया ने ईरान से जुड़े सैन्य ऑपरेशनों के लिए अपने एयरस्पेस के इस्तेमाल की अमेरिकी मांग ठुकरा दी है। ऑस्ट्रिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला देश के सख्त तटस्थता कानून के तहत लिया गया है।
अब तक कई देश अमेरिका को दिखा चुके ठेंगा
ऑस्ट्रिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से ब्रॉडकास्टर ORF ने कहा- वाशिंगटन की ओर से कई अनुरोध आए थे, लेकिन हर मामले को विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर अलग-अलग आधार पर परखा जाएगा। हालांकि, ऑस्ट्रिया ने पूरी तरह से अमेरिकी उड़ानों पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। ऑस्ट्रिया ने तथ्यों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया है। ऑस्ट्रिया के पहले स्पेन भी ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर चुका है। इटली ने भी पिछले हफ्ते सिसिली स्थित अपने सैन्य अड्डे के इस्तेमाल की अनुमति अमेरिकी बमवर्षक विमानों को देने से इनकार कर दिया था। इसके अलावा ब्रिटेन और फ्रांस भी अमेरिका की सैन्य मदद करने से इनकार कर चुके हैं।
यूरोपीय देशों से डोनाल्ड ट्रंप नाराज
ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों के लिए एयरस्पेस बंद करने वाले यूरोपीय देशों से अमेरिकी राष्ट्रपति नाराज हैं। डोनाल्ड ट्रंप सोशल मीडिया पर यूरोपीय देशों का खुलकर विरोध कर चुके हैं। कई मीडिया इंटरव्यू में भी डोनाल्ड ट्रंप खुले तौर पर NATO और अन्य यूरोपीय देशों के खिलाफ अपनी राय दे चुके हैं।
मदद नहीं मिलने से नाराज ट्रंप कई बार सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिख चुके हैं कि अमेरिका, यूरोपीय देशों को याद रखेगा। हाल ही में डेली टेलीग्राफ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने ईरान-इजरायल संघर्ष के दौरान NATO सहयोगियों, खासकर ब्रिटेन और फ्रांस की ओर से सैन्य मदद न देने पर नाराजगी जताई। ट्रंप ने NATO को कागजी शेर करार दिया और अमेरिका के गठबंधन से बाहर निकलने की धमकी दी।


