Khesari Lal Yadav Concert Chaos: बीते बुधवार, 1 अप्रैल को भोजपुरी एक्टर और सिंगर खेसारी लाल यादव ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक मेले के दौरान परफॉरमेंस दी। इस कार्यक्रम के दौरान मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। बता दें कि इस बवाल के कारण पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खेसारी लाल यादव के प्रोग्राम में मचा हड़कंप (Khesari Lal Yadav Concert Chaos)
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव बिहार के मुजफ्फरपुर में आयोजित पशु मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस मेले का आयोजन औराई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक रामसूरत राय द्वारा किया गया था। खेसारी लाल यादव ने जैसे ही स्टेज पर आकर गाना शुरू किया, वैसे ही लोग हूटिंग करने लगे और स्टेज पर जूते-चप्पल फेंकने लगे। जब पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की तो मेले में अफरा-तफरी मच गई। बेकाबू भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
ख़बरों के मुताबिक़, मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा ने मेले के आयोजकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मेले के प्रबंधन ने लगभग 30,000 से 40,000 लोगों की भीड़ के आने की सूचना दी थी, लेकिन वहां पर तकरीबन एक से डेढ़ लाख लोग आ गए। इतनी ज्यादा भीड़ के कारण पुलिस प्रशासन को परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि इस अफरा-तफरी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
खेसारी लाल यादव की आने वाली फिल्में
भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव के पास ‘राजाराम’, ‘मेहरबान’, ‘गॉडफादर’, ‘सन ऑफ बिहार’, ‘वास्तव’ और ‘वैध’ जैसी कई फिल्में हैं। कुछ दिनों पहले उनका गाना ‘कमर में दागी’ रिलीज हुआ था।
खेसारी लाल यादव और उनका पॉलिटिकल करियर
जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल यानि 2025 में खेसारी लाल यादव ने राजनीति में कदम रखा और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पार्टी में शामिल हुए। और उनको पार्टी की तरफ से बिहार के छपरा से चुनावी टिकट मिला। लेकिन, वो चुनाव हार गए। बता दें कि एक्टर से पॉलिटिशियन खेसारी लाल यादव को भाजपा की छोटी कुमारी ने 7,600 वोटों से मात दी और उनको हार का सामना करना पड़ा। अब खबर आ रही है कि उन्होंने पॉलिटिक्स छोड़ने का फैसला ले लिया है।


