मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे में बुधवार को श्री बालाजी जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर निकल रही शोभायात्रा के दौरान एक हादसा हो गया। शोभायात्रा में शामिल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े श्रद्धालुओं से टकरा गई, जिससे 6 से 8 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभायात्रा में कलाकार विभिन्न वेशभूषा में अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान झांकी में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह भीड़ की ओर बढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तुरंत बाद, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जा रही है। इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।


