बदायूं में लूट का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:हेड कांस्टेबल को गोली लगी, दूसरा साथी फरार

बदायूं में लूट का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:हेड कांस्टेबल को गोली लगी, दूसरा साथी फरार

बदायूं में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह बदमाश किसान को लिफ्ट देकर लूटने की घटना में शामिल था। मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल को भी गोली लगी है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, लूटे गए 5250 रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया है। लूट की घटना में शामिल दूसरे बदमाश की तलाश जारी है। यह घटना 5 मार्च की है, जब बिसौली कोतवाली के फिरोजपुर गांव निवासी किसान बोबी पाठक ने मुड़िया कोल्ड स्टोर के सामने से बिसौली जाने के लिए बाइक सवार दो लोगों से लिफ्ट मांगी थी। दोनों बदमाशों ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया और बिसौली के शेखूपुरा मंदिर के पास गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास पर ले जाकर उनसे 5250 रुपये, मोबाइल फोन और 9 किलो मक्के का बीज लूट लिया। किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंगा एक्सप्रेसवे के गांव भानपुर अंडरपास के पास बाइक सवार एक व्यक्ति किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सामने से आ रहे बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक हेड कांस्टेबल के हाथ में गोली लग गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम भूरा उर्फ नन्हे पुत्र सरनाम, निवासी सदरपुर, कोतवाली बिल्सी बताया। उसने स्वीकार किया कि अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था और वह बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल कर वारदातें करता है। घायल बदमाश और हेड कांस्टेबल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। गिरफ्तार भूरा के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, 5250 रुपये, मोबाइल फोन, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *