ललितपुर में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की शादी बीस दिन पहले ही हुई थी। मृतक की पहचान 20 वर्षीय विट्टू पुत्र सोहन के रूप में हुई है, जो ग्राम पाचौनी का निवासी था। उसने हाल ही में 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। जानकारी के अनुसार, विट्टू की शादी बीते 10 मार्च को ग्राम गिदवाहा निवासी एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही उसकी पत्नी मायके चली गई थी और तब से वहीं रह रही थी। घटना सोमवार, 30 मार्च को हुई, जब विट्टू अपने घर पर था। इसी दौरान उसने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, झांसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा पलटू ने बताया कि विट्टू अपने दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।


