बदायूं में मौसम बदला, हल्की बूंदाबांदी:तेज हवा से गेहूं और सरसों की फसल को खतरा

बदायूं में मौसम बदला, हल्की बूंदाबांदी:तेज हवा से गेहूं और सरसों की फसल को खतरा

बदायूं में मंगलवार रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। विशेषकर गेहूं और लाही (सरसों) की फसलें प्रभावित होने की आशंका है। इस समय बड़ी संख्या में खेतों में गेहूं की कटी हुई फसल पड़ी है। बारिश और तेज हवा से फसल के भीगने और खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। इससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है, क्योंकि खेतों में पड़ी फसल को सुरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। बदलते मौसम का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंडी हवाओं के कारण लोगों में बुखार, जुकाम और बदन दर्द जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। बच्चे और बुजुर्ग विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। चिकित्सकों ने ऐसे मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने हल्के गर्म कपड़े पहनने, ठंडी चीजों से परहेज करने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने को कहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *