तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर:एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, ड्राइवर मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर जिले में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के अजगरा नाला के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे। अजगरा नाला के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल वाड्रफनगर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *