Heart Attack Causes: आजकल हार्ट की बीमारी अचानक नहीं होती, बल्कि धीरे-धीरे सालों में बनती है। बाहर से हम बिल्कुल ठीक लगते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर दिल की नसों में गंदगी (plaque), सूजन और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी दिक्कतें बढ़ती रहती हैं। इसलिए समय रहते इन छिपे कारणों को समझना बहुत जरूरी है। हार्ट एक्सपर्ट Dr Kunal Sood ने आसान भाषा में दिल से जुड़ी 5 अहम बातें बताई हैं, जो हर किसी को जाननी चाहिए।
नॉर्मल कोलेस्ट्रॉल होने पर भी हार्ट अटैक हो सकता है
अक्सर लोग सोचते हैं कि अगर कोलेस्ट्रॉल रिपोर्ट ठीक है, तो दिल भी स्वस्थ है। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। असल में कोलेस्ट्रॉल सिर्फ उस समय का लेवल दिखाता है, जबकि नसों में जमा गंदगी (plaque) सालों में बनती है। जब ये plaque फटता है, तो अचानक ब्लड क्लॉट बनता है और हार्ट अटैक आ सकता है।
सालों तक चुपचाप बनती है दिल की बीमारी
दिल की नसों में गंदगी धीरे-धीरे जमा होती रहती है और ज्यादातर समय कोई लक्षण नहीं दिखता। कई बार तो पहला लक्षण ही हार्ट अटैक या स्ट्रोक होता है। इसलिए सिर्फ कोई दिक्कत नहीं है सोचकर लापरवाही करना खतरनाक हो सकता है।
ज्यादा देर बैठना भी बड़ा खतरा
अगर आप रोज एक्सरसाइज करते हैं, लेकिन दिनभर बैठे रहते हैं, तब भी खतरा कम नहीं होता। लंबे समय तक बैठने से शरीर का मेटाबॉलिज्म बिगड़ता है, ब्लड फ्लो कम होता है और सूजन बढ़ती है, जो दिल की बीमारी का कारण बनती है।
खाने के बाद टहलना है बेहद फायदेमंद
एक छोटी सी आदत आपका दिल बचा सकती है, खाने के बाद 10 मिनट टहलना। इससे ब्लड शुगर कंट्रोल में रहती है और शरीर बेहतर तरीके से काम करता है। ये आदत लंबे समय में हार्ट अटैक का खतरा कम कर सकती है।
ओमेगा-3 और मैग्नीशियम का रोल
ओमेगा-3 फैटी एसिड (जैसे मछली, अलसी) दिल के लिए अच्छे होते हैं। ये सूजन कम करते हैं और ब्लड को हेल्दी रखते हैं।
वहीं मैग्नीशियम ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन को संतुलित रखने में मदद करता है।
सबसे जरूरी बात
दिल की बीमारी एक दिन में नहीं होती, ये हमारी रोज की आदतों से बनती है। अगर आप अभी से सही खानपान, हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और एक्टिव लाइफस्टाइल अपनाते हैं, तो आगे चलकर बड़ी समस्याओं से बच सकते हैं।


