अयोध्या में आज खास धार्मिक माहौल के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन हुआ। हिंदी नववर्ष और वासंतिक नवरात्र के पहले दिन उनके दौरे को विशेष महत्व दिया जा रहा है। एयरपोर्ट पर प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने स्वागत किया। जिसके बाद वह सीधे राम मंदिर के लिए रवाना हुईं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को अयोध्या पहुंचीं। जहां उन्होंने महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर सेना के विमान से उतरने के बाद सड़क मार्ग से राम मंदिर का रुख किया। उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और दोनों उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे मंदिर पहुंचकर राष्ट्रपति ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। वह यहां श्रीराम नाम मंदिर और श्रीराम यंत्र की स्थापना से जुड़े पूजन कार्यक्रम में शामिल हो रही हैं। हिंदी नववर्ष और वासंतिक नवरात्र के शुभारंभ के अवसर पर उनका यह दौरा धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


