नवरात्रों के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए हर साल उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष पहल की है। कटड़ा रेलवे स्टेशन से दिल्ली के बीच 04081/04084 नंबर की स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया गया है। यह ट्रेन 17 मार्च से 31 मार्च तक ट्रैक पर दौड़ेगी, जिससे नवरात्रों के दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। इन शहरों के लोगों को मिलेगा लाभ
इस विशेष ट्रेन का लाभ अंबाला, लुधियाना और पठानकोट जैसे शहरों से माता के दरबार में माथा टेकने जाने वाले भक्तों को भी मिलेगा। हर साल नवरात्रों में लाखों श्रद्धालु माता के जयकारों के साथ कटड़ा पहुंचते हैं, ऐसे में यह ट्रेन भीड़ को कम करने और यात्रा को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
स्पेशल ट्रेन की बुकिंग भी शुरू
रेलवे की ओर से इस स्पेशल ट्रेन की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है, जिससे श्रद्धालु पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाकर बिना परेशानी के दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस तरह की सुविधा से उनकी यात्रा न केवल आसान होगी बल्कि वे पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ माता के दरबार में हाजिरी लगा सकेंगे।


