करौली में नगर परिषद ने नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की बकाया राशि को लेकर सख्त कार्रवाई की है।
हिंडौन दरवाजा स्थित गर्ग पैलेस उर्फ आशा पैलेस को सील कर दिया गया। मैरिज हॉल पर करीब 11.01 लाख रुपए का नगरीय विकास शुल्क बकाया था। नगर परिषद ने इससे पहले शहर के 14 बड़े मैरिज गार्डन और पैलेस संचालकों को लगभग 1.25 करोड़ रुपये के बकाया कर को लेकर 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। कई संचालकों ने राशि जमा कराई या अतिरिक्त समय मांगा, लेकिन गर्ग पैलेस संचालक की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई। मैरिज हॉल के मैन गेट पर सील लगाई
कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीणा के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने रविवार को गर्ग पैलेस उर्फ आशा पैलेस को सील किया। इस दौरान मैरिज हॉल के मुख्य द्वार पर सील लगाई गई और बकाया राशि जमा कराने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद ने पूर्व में शहर के 14 मैरिज गार्डन और पैलेस संचालकों को नोटिस जारी किए थे। इनमें भंवर विलास मैरिज गार्डन पर करीब 19.10 लाख रुपए, बाबूभाई पैराडाइज पर 14.07 लाख रुपए, आशीर्वाद मैरिज होम पर 11.87 लाख रुपए, लक्ष्मी मैरिज गार्डन पर 11.60 लाख रुपए, गर्ग पैलेस पर 11.01 लाख रुपए और करौली इन मैरिज गार्डन पर 10.76 लाख रुपए का नगरीय विकास कर बकाया बताया गया था। कार्रवाई से मचा हड़कंप
इसके अलावा वृन्दावन गार्डन, जिंदल मैरिज गार्डन, गोवर्धन पैलेस, लाडली पैलेस, द्वारिकाधीश, शिवशक्ति, गणेश बैंक्वेट हॉल और शिवलॉज को भी नोटिस जारी किए गए थे।
नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि निर्धारित समय में कर जमा नहीं कराने वाले संस्थानों के खिलाफ राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा-129 के तहत सीज की कार्रवाई की जाएगी। शादी सीजन के बीच हुई इस कार्रवाई से अन्य मैरिज गार्डन संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। कार्यवाहक आयुक्त प्रेमराज मीणा ने बताया कि नगरीय विकास कर लंबे समय से लंबित था और राजस्व वसूली के लिए अभियान जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना करने वाले किसी भी बकायादार को बख्शा नहीं जाएगा।


