अमेरिका-इजराइल और ईरान के तनाव का असर अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर उदयपुर में भी दिखने लगा है। तेल कंपनियों की गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक लगाने के बाद शहर के होटल-रेस्टोरेंट में इसका असर सीधे दिखने को मिल रहा हैं एक या दो दिन में स्टॉक खत्म होने के बाद रेस्टोरेंट से लेकर चाय नाश्ते की दुकानें भी पूरी तरह से प्रभावित होने की संभावना बनी है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि कॉमर्शियल गैस सप्लाई के चलते यदि कारोबार बंद होते हैं तो वैकल्पिक व्यवस्था करने होगी और सबसे बड़ी समस्या शट डाउन करने की समस्या हो जाएगी। इधर, टूरिज्म से जुड़े होटल एसोसिएशन का कहना है कि पर्यटकों और शादियों पर भी इसका असर दिखेगा और अभी से परेशानियां खड़ी होने लगी है। होटल एसोसिएशन-होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर गंभीर संकट
होटल एसोसिएशन उदयपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कॉमर्शियल गैस की सप्लाई रोकने और कम करने पर विरोध जताया है। उन्होंने बताया- मामले में होटल एसोसिएशन उदयपुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। अग्रवाल ने बताया- वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है। कॉमर्शियल गैस की सप्लाई बंद करने से शादी समारोह सहित रेस्टोरेंट, होटलों पर इसका प्रभाव पड़ रहा है। वहीं होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदर्शन देव सिंह कारोही, सचिव उषा शर्मा ने बताया- गैस कंपनियों की ओर से कॉमर्शियल गैस सप्लाई बंद या कम करने से होटल उद्योग एवं रेस्टोरेंट उद्योग पर गंभीर संकट आएगा। यह उद्योग हमारे शहर की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। साथ ही हजारों लोगों को रोजगार भी देते हैं। तेल कंपनियों की ओर से गैस सप्लाई बंद या कम करना परेशान करने वाला कदम है। पोहा सेंटर मालिक बोले- शटडाउन की नौबत
उदयपुर शहर के शास्त्री सर्किल स्थित जैन पोहा सेंटर के संचालक विनय जैन ने बताया कि हर महीने करीब 25 से ज्यादा गैस सिलेंडर की खपत है, लेकिन अभी दो दिन का स्टॉक है और इसके बाद क्या होगा, कुछ समझ नहीं आ रहा है। जैन ने बताया कि वैसे वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर हम कोयला और डीजल भट्टी का उपयोग करने की सोच रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर ऐसा होता है तो दुकान को कुछ दिन के शटडाउन करने की नौबत आ सकती है। आज ही जब उन्होंने सिलेंडर के लिए बात की तो उन्हें सिलेंडर नहीं मिलने की बात कही गई। ऐसे में एक बार संकट वाली स्थिति हो गई है।


