17 policemen suspended in Shahjahanpur: शाहजहांपुर में पुलिस अधीक्षक ने 17 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया, जिनमें एक दरोगा और एक महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने इस संबंध में आदेश जारी किया। है। दरअसल जिले में पिछले 1 साल से 16 पुलिसकर्मी अनुपस्थित चल रहे हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी 2023 से गायब है, जिसके विषय में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। नोटिस भेजने के बाद भी पुलिस के पास कोई जवाब नहीं आया।
एसपी के आदेश पर बनाई गई सूची
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में पुलिस कर्मियों को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने 17 पुलिस कर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे पुलिसकर्मियों के विषय में जानकारी मांगी थी। पुलिस अधीक्षक के गायब पुलिसकर्मियों के विषय में सूची मांगी जाने पर विभाग में हड़कंप मच गया। सूची तैयार करके आज पुलिस अधीक्षक के सामने फाइल प्रस्तुत की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने फाइल का निरीक्षण करने के बाद निलंबन आदेश जारी किया।
नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार जिले के अलग-अलग थानों में तैनात पुलिस कर्मियों की जानकारी इकट्ठा की गई। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वालों से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। इनमें एक दरोगा और एक महिला कांस्टेबल सहित 17 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें से अधिकांश पुलिसकर्मियों को कहीं दूसरी जगह नौकरी मिल गई है या फिर वे किसी अन्य कारणों से अनुपस्थित चल रहे हैं। फिलहाल विभाग को इस विषय में कोई जानकारी नहीं है।


