बड़वानी में ‘पड़वा’ पर गाड़ा खिंचाई की परंपरा निभाई जाएगी:नवलपुरा में 15, ठीकरी के मल्हार चौक में 33 गाड़े खींचें जाएंगे, तैयारियां शुरू

बड़वानी में ‘पड़वा’ पर गाड़ा खिंचाई की परंपरा निभाई जाएगी:नवलपुरा में 15, ठीकरी के मल्हार चौक में 33 गाड़े खींचें जाएंगे, तैयारियां शुरू

बड़वानी जिले में होलिका दहन के अगले दिन ‘पड़वा’ पर गाड़ा खिंचाई की 831 साल पुरानी परंपरा निभाई जाएगी। इस रोमांचक आयोजन में ‘बड़वा’ कहलाने वाले व्यक्ति एक साथ बंधे हुए दर्जनों भारी-भरकम गाड़ों को खींचते हैं। इस बार बड़वानी के नवलपुरा में 15 और ठीकरी के मल्हार चौक में 33 गाड़े खींचे जाएंगे। मान्यता है कि सदियों पहले खांडेराव महाराज और बाबा फकरुद्दीन ठीकरी के जंगल से गुजर रहे थे। वे वहां एक विधवा महिला धनुबाई के घर रुके। जब महाराज ने दूध मांगा, तो धनुबाई ने कहा कि उनके पास जो गाय है वह ‘कुंवारी’ है (बछड़ा नहीं दिया है)। महाराज के कहने पर जब उनका नाम लेकर दूध निकाला गया, तो चमत्कारिक रूप से दूध निकल आया। इस चमत्कार को देख धनुबाई का बेटा घनश्याम और ग्रामीण उनके भक्त बन गए। तब महाराज ने घनश्याम को आशीर्वाद देकर गाड़ा खिंचाई शुरू करने को कहा था। पीढ़ियों से निभाई जा रही परंपरा ठीकरी में इस परंपरा को एक ही परिवार की 16 पीढ़ियां निभा रही हैं। एडू यादव पिछले 45 सालों से यह जिम्मेदारी उठा रहे हैं। वहीं बड़वानी के नवलपुरा में राकेश यादव 2009 से इस परंपरा को पुनर्जीवित कर आगे बढ़ा रहे हैं। उनके पास एक प्राचीन ताम्रपात्र भी है, जिसमें इस पूजन की पूरी विधि लिखी हुई है। 25 क्विंटल के गाड़ों पर सवार होंगे सैकड़ों लोग बुधवार शाम को होने वाले इस आयोजन में पहला गाड़ा लकड़ी का और बाकी लोहे के होंगे। एक-एक गाड़े का वजन करीब 25 क्विंटल होता है। खास बात यह है कि जब बड़वा इन गाड़ों को 500 फीट की दूरी तक खींचते हैं, तब उन पर सैकड़ों की संख्या में लोग सवार रहते हैं। कार्यक्रम से पहले गाड़ों पर हल्दी का लेप लगाकर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए जिले भर से हजारों की भीड़ उमड़ती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल तैनात रहेगा और आयोजन स्थल की ओर जाने वाले वाहनों को दूर ही रोक दिया जाएगा। बुधवार सुबह से ही बड़वा के घर पर अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे, जो शाम 6 बजे गाड़ा खिंचाई के साथ संपन्न होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *