ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के धूममानिकपुर गांव में शनिवार शाम एक 18 वर्षीय छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय देवकरण के रूप में हुई है, जो धूममानिकपुर गांव का निवासी था। वह दादरी स्थित एनटीपीसी के डीपीएस स्कूल में कक्षा 12 का छात्र था। उसके परिवार में माता-पिता और एक दिव्यांग छोटा भाई है। देवकरण के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में कृषि तथा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले देवकरण दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में गया था। बताया गया है कि उसने अपने मोबाइल का डेटा डिलीट किया और लैपटॉप को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उसने घर में रखी पिता की लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर देवकरण की मां और छोटा भाई ऊपर पहुंचे। उन्होंने देवकरण को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। छात्र को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। इसके साथ ही, पारिवारिक और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, देवकरण शांत स्वभाव का था और उसकी किसी मानसिक परेशानी की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।


