Haryanvi actor Divyanka Sirohi dies: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जब चौंकाने वाली खबर सामने आई कि एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत हो गई है तो हड़कंप मच गया। अपनी खूबसूरती और डांस के दम पर लाखों दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस और डांसर को दिल का दौड़ा पड़ा और उन्होंने महज 29 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका निधन गाजियाबाद स्थित उनके आवास पर हुआ। इस खबर ने न केवल उनके परिवार को तोड़कर रख दिया है, बल्कि पूरी हरियाणवी इंडस्ट्री और उनके लाखों फैंस सदमे में हैं।
एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का हुआ निधन (Haryanvi actor Divyanka Sirohi dies)
दिव्यांका के भाई हिमांशु ने मीडिया से बात करते हुए इस दर्दनाक घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दिव्यांका घर पर थीं, तभी अचानक उन्हें कुछ बेचैनी महसूस हुई और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह अचानक जमीन पर गिर पड़ीं। गिरने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। आनन-फानन में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह गाजियाबाद में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
AICWA ने एक्ट्रेस की मौत पर किया पोस्ट (AICWA Post On Haryanvi Divyanka Sirohi Death)
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने दिव्यांका के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “हमें यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि प्रतिभाशाली एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही अब हमारे बीच नहीं रहीं। वह बहुत जल्दी चली गईं। उनका जाना न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है।” एसोसिएशन ने हरियाणा फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नौकरी छोड़कर बनी थीं स्टार (Divyanka Sirohi Death at 30)
दिव्यांका सिरोही का सफर काफी शानदार रहा है। एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले वह एक साधारण नौकरी करती थीं, लेकिन अपने जुनून के चलते उन्होंने ग्लैमर की दुनिया चुनी। उन्होंने 50 से ज्यादा हरियाणवी म्यूजिक वीडियो में काम किया। उन्हें असली पहचान सुनंदा शर्मा के मशहूर गाने ‘मेरी मम्मी नू पसंद नहीं तू’ पर बने एक वायरल वीडियो से मिली थी। इसके बाद उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया और KD जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया और अपनी एक अलग पहचान बनाई।
सोशल मीडिया पर था जलवा (Divyanka Sirohi Instagram)
दिव्यांका सोशल मीडिया पर भी काफी फेमस थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 13 लाख (1.3 मिलियन) फॉलोअर्स थे, जो उनकी हर पोस्ट का बेसब्री से इंतजार करते थे। उनके अचानक चले जाने से सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि खिलखिलाती हुई दिव्यांका अब सिर्फ यादों में रह जाएंगी। एक उभरता हुआ सितारा इतनी जल्दी खामोश हो जाएगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था।


