बच्चों में सोशल मीडिया की लत के लिए अभिभावक भी जिम्मेदार : मंत्री बंगारप्पा

बच्चों में सोशल मीडिया की लत के लिए अभिभावक भी जिम्मेदार : मंत्री बंगारप्पा

-16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए रोक पर विचार

कर्नाटक सरकार 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध Social Media Ban लगाने पर विचार कर रही है। इस संबंध में बच्चों, अभिभावकों और विशेषज्ञों से राय लेने के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

स्कूली शिक्षा और साक्षरता मंत्री मधु बंगारप्पा ने गुरुवार को शहर के जवाहरलाल नेहरू तारामंडल में आयोजित ‘राष्ट्रीय विज्ञान दिवस’ कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि बच्चों में मोबाइल की लत बढऩे के लिए अभिभावक भी जिम्मेदार हैं।

‘मोबाइल छोड़ो, किताब पकड़ो’ अभियान

आजकल जब बच्चा रोता है या उसे शांत रखना होता है तो अभिभावक खुद उसके हाथ में मोबाइल थमा देते हैं। समस्या की जड़ वहीं से शुरू होती है। मोबाइल और सोशल मीडिया के कारण बच्चे भटक रहे हैं। यह केवल हमारे राज्य की नहीं, पूरे देश की समस्या है। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के निर्देश पर ‘मोबाइल छोड़ो, किताब पकड़ो’ अभियान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर पहले भी कई बार चिंता जता चुके हैं। इसे केवल कक्षा तक सीमित न रखकर जिम्मेदारी के साथ लागू करने की आवश्यकता है। इस विषय पर व्यापक चर्चा की जरूरत है।

अभिभावकों को अधिक जिम्मेदारी दिखानी होगी

मंत्री ने स्पष्ट किया कि कोई भी निर्णय बच्चों के हित को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा। इसके लिए न सिर्फ बच्चों, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों से भी चर्चा की जाएगी। इस मामले में अभिभावकों को अधिक जिम्मेदारी दिखानी होगी। फिलहाल यह प्रस्ताव चर्चा के चरण में है और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. एम. सी. सुधाकर भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *