नर्स से अफेयर और पत्नी से कलह… नामी डॉक्टर ने बीयर के साथ खा लीं 45 नींद की गोलियां

नर्स से अफेयर और पत्नी से कलह… नामी डॉक्टर ने बीयर के साथ खा लीं 45 नींद की गोलियां

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नामी डॉक्टर ने अपने प्रेम संबंधों और पारिवारिक कलह से तंग आकर खौफनाक कदम उठाया। डॉक्टर ने कथित तौर पर 10 बीयर की बोतलों के साथ नींद की 45 गोलियां खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की। समय रहते अस्पताल के कर्मचारियों की सतर्कता से डॉक्टर की जान बच गई।

नर्स से अफेयर और पत्नी के साथ अनबन

पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं हैं। अधिकारी के अनुसार, डॉक्टर अपनी पत्नी के साथ मिलकर एक अस्पताल चलाता है। हालांकि, उनका अपने ही अस्पताल की एक नर्स के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध चल रहा था। पिछले कुछ समय से वह नर्स डॉक्टर पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।

इस अफेयर की भनक जब डॉक्टर की पत्नी को लगी, तो घर में आए दिन विवाद होने लगे। मानसिक तनाव इस कदर बढ़ गया कि डॉक्टर हाल ही में अपनी पत्नी से अलग एक दूसरे फ्लैट में रहने चले गए थे। इसी तनाव के बीच मंगलवार को उन्होंने मौत को गले लगाने का प्रयास किया।

10 बीयर और 45 गोलियां… ऐसे बची जान

घटना का खुलासा तब हुआ जब डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर अस्पताल नहीं पहुंचे। उनके सहयोगियों और कर्मचारियों ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला, तो कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। कर्मचारी जब डोंबिवली पूर्व स्थित उनके फ्लैट पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। डॉक्टर कमरे में अचेत पड़े थे। पुलिस को सूचना दी गई।

मौके से पुलिस को पता चला कि डॉक्टर ने कथित तौर पर 10 बीयर की बोतलों के साथ नींद की 45 गोलियां खा ली थीं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं। डोंबिवली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में नर्स और डॉक्टर की पत्नी से भी पूछताछ कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *