हांसी जिले में खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं का अनशन विधायक विनोद भयाना के आवास के बाहर तीसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार को 5 छात्राएं सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक क्रमिक अनशन पर बैठीं। वे अपनी मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। छात्राओं ने बताया कि वे 13 फरवरी से विधायक आवास पर प्रदर्शन कर रही हैं। दो दिन पहले इस आंदोलन को क्रमिक हड़ताल में बदल दिया गया था। छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज के माइग्रेशन/शिफ्टिंग को लेकर पहले दिए गए आश्वासन अभी तक पूरे नहीं हुए हैं, जिससे उनमें नाराजगी है।
छात्राओं को मिला किसान नेताओं का समर्थन इस बीच, किसान नेता सुरेश कोथ ने आंदोलन को समर्थन देते हुए एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने किसानों और मजदूरों से मंगलवार सुबह 11 बजे विधायक आवास पर पहुंचने का आह्वान किया है। किसान नेता का कहना है कि विधायक ने पहले छात्राओं का धरना आश्वासन देकर समाप्त करवाया था, लेकिन वे आश्वासन अभी भी पूरे नहीं हुए हैं। विधायक आवास घेराव की चेतावनी कोथ ने कहा कि बड़ी संख्या में किसान और मजदूर विधायक आवास पर पहुंचकर इस मामले में जवाब मांगेंगे। इस आह्वान के मद्देनजर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगी।


