अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे का रविवार को संभल में स्वागत किया गया। वह दिल्ली से बदायूं जिले के दातागंज में आयोजित संविधान संवाद एवं मनरेगा बचाओ सभा में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने जा रहे थे। जिला कांग्रेस कमेटी संभल द्वारा गुन्नौर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अविनाश पांडे का अभिनंदन किया और “अविनाश पांडे जिंदाबाद”, “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” तथा “संविधान बचाओ” के नारे लगाए। इस अवसर पर अविनाश पांडे ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। पांडे ने बताया कि पार्टी का लक्ष्य संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और आम जनता के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपील की। दातागंज में होने वाली सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मनरेगा सहित जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करना और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। स्वागत कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी संभल के अध्यक्ष आरिफ तुर्की, हाफिज गुड्डू, जान मोहम्मद, डीके वाल्मीकि, सलीम सैफी, सुनील कुमार शर्मा, सफी सैफी, भूरे अली, सुनील यादव, पुरुषोत्तम पाल, ऋषभ यादव, प्रमोद कुमार, आयुष गुप्ता, बबलू कुरैशी, शमीम सैफी, शकील अल्वी और इरफान अल्वी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। जिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम को संगठन की एकजुटता और सक्रियता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रियता से अभियान चलाएगी।


