CBSE Board Exam Guidelines 2026: CBSE की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं। इस बार करीब 46 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड की ओर से जारी डेटशीट के अनुसार, पहले दिन यानी 17 फरवरी को 10वीं कक्षा के गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) की परीक्षा होगी। वहीं 12वीं के छात्रों का बायोटेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप का पेपर आयोजित किया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से तय किया गया है। बोर्ड ने छात्रों के लिए कुछ अहम निर्देश भी जारी किए हैं। परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले सेंटर पर पहुंचना जरूरी होगा। यानी छात्रों को 10 बजे तक अपनी सीट पर बैठ जाना चाहिए। 10 बजे के बाद एंट्री बंद कर दी जाएगी।
CBSE Board Exam 2026: ड्रेस कोड पर सख्ती
रेगुलर छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर ही परीक्षा केंद्र पर आना होगा। वहीं प्राइवेट छात्रों को यूनिफॉर्म की अनिवार्यता नहीं है, लेकिन उन्हें हल्के और सादे कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की ज्वेलरी जैसे चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट, बड़े ईयररिंग या नोज पिन पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। बड़े बटन वाले कपड़े भी न पहनें। जूते भी सादे और साधारण सोल वाले होने चाहिए।
CBSE Board Exam Guidelines 2026: क्या लेकर जा सकते हैं क्या नहीं?
परीक्षा कक्ष में एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी अनिवार्य है। इसके बिना एंट्री नहीं मिलेगी। साथ ही स्कूल आईडी, नीले रंग का पेन, पेंसिल, स्केल, रबर और पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या कैमरा जैसी इलेक्ट्रॉनिक चीजें पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा बैग, पर्स, किताब या किसी भी तरह की लिखित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाना नियमों के खिलाफ है। अगर कोई छात्र नियम तोड़ता हुआ पाया गया तो उस पर कार्रवाई की जा सकती है।


