सुहागिनों का प्रमुख पर्व करवा चौथ गुरुवार को मनाया जा रहा है। पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ महिलाओं ने दिनभर निर्जल-निराहार व्रत रखा है। वहीं शाम को महिलाएं सोलह शृंगार कर पूजा करेंगी और करवा चौथ की कथा सुनेंगी। एस्ट्रोनॉमी के अनुसार- राजस्थान में चांद दिखने का समय अलग-अलग है। राजस्थान में सबसे पहले धौलपुर में रात 8:14 बजे और सबसे आखिर में बाड़मेर में रात 8:44 बजे चांद नजर आएगा। जयपुर में चंद्रोदय रात 8:23 बजे होने की संभावना है। चंद्रमा को अर्घ्य देने और छलनी से चांद व पति का चेहरा देखने के बाद महिलाएं पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोलेंगी। वहीं सीकर जिले के श्रीमाधोपुर नगरपालिका में बिजांवाली ढाणी में रहने वाली सुमन देवी (29) शहीद पति की याद में 8 साल से करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। करवा चौथ के दिन उन्होंने व्रत रखा और अपने शहीद पति महेश कुमार निठारवाल की प्रतिमा पर पहले तिलक लगाया। इसके बाद प्रतिमा की आरती उतारी। महेश कुमार 18 अक्टूबर 2018 को शहीद हो गए थे। इस बार बन रहे त्रिग्रह योग ज्योतिषाचार्यों के अनुसार- इस दिन लक्ष्मीनारायण राजयोग, शुक्रादित्य योग और बुधादित्य योग बन रहे हैं। चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में रहेंगे और मृगशिरा नक्षत्र रहेगा। तुला राशि में सूर्य, शुक्र और बुध की युति से त्रिग्रह योग भी बनेगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार- इन योगों को शुभ माना जाता है। शाम 5:38 से 6:56 बजे तक पूजा का मुहूर्त करवा चौथ की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक है। महिलाएं इस दौरान करवा माता की पूजा कर सकती हैं। व्रत कथा सुन सकती हैं। पूजा में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेशजी और कार्तिकेय का पूजन भी किया जाएगा। महिलाएं पति की लंबी उम्र, परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। राजस्थान में धौलपुर में पहले, बाड़मेर में सबसे आखिर में दिखेगा चांद छलनी से चांद देखकर खोलेंगी व्रत करवा चौथ पर चंद्रमा निकलने के बाद महिलाएं चंद्रदेव को जल अर्पित कर पूजा करेंगी। परंपरा के अनुसार- छलनी में दीपक रखकर पहले चंद्रमा और फिर पति का चेहरा देखा जाता है। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार- यह परंपरा पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना से जुड़ी है। सरगी खाकर शुरू किया व्रत करवा चौथ पर सरगी खाने की परंपरा है। सूर्योदय से पहले सास की ओर से बहू को सरगी दी जाती है। इसमें फल, मिठाई, सूखे मेवे और भोजन के साथ सुहाग से जुड़ी सामग्री व वस्त्र भी शामिल होते हैं। महिलाओं ने सरगी खाने के बाद व्रत शुरू किया और दिनभर भोजन-पानी से परहेज रखा। इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, नागौर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, चूरू, पाली, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, सिरोही जिलों में बादल छाए, हल्की से मध्यम बारिश होने और ठंडी हवा चलने का गुरुवार को अलर्ट जारी किया है। क्लार्क्स आमेर में टीवी एक्ट्रेस का होगा शो जयपुर में होटल क्लार्क्स आमेर में ‘चांद का दीदार, प्यार का इजहार’ करवा चौथ शो होगा। इसमें टीवी एक्टर रूही चतुर्वेदी और शिवेंद्र ओम सैनियोल शामिल होंगे। इस बार शो की थीम शादी के सात वचनों पर रखी गई है। कार्यक्रम में फैशन शो, ट्रेडिशनल ड्रेस में कपल रैंप वॉक, मॉडल्स की कैटवॉक और लाइव बैंड होगा। रूही चतुर्वेदी और शिवेंद्र ओम सैनियोल भी रैंप वॉक करेंगे। जयपुर की महिलाएं सेलिब्रिटी के साथ पारंपरिक पूजा और करवाचौथ सेलिब्रेशन में हिस्सा लेंगी।
8-साल से शहीद पति के नाम करवा चौथ का व्रत:सोलह श्रृंगार के बाद प्रतिमा की उतारती हैं आरती, वीरांगना बोलीं- वे आज भी मेरे दिल में जिंदा (पूरी खबर पढ़ें)

