Ashok Gehlot : भाजपा विधायक के घर पर चोरी मामले पर अशोक गहलोत का सरकार पर हमला, कहा- जयपुर की कानून व्यवस्था चौपट

Ashok Gehlot : भाजपा विधायक के घर पर चोरी मामले पर अशोक गहलोत का सरकार पर हमला, कहा- जयपुर की कानून व्यवस्था चौपट

Ashok Gehlot : जयपुर के सिविल लाइंस इलाके में भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के बंगले से चोर लाखों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि विधायक का आवास राजभवन के पीछे स्थित है। यह इलाका प्रदेश के वीआईपी और हाई-सिक्योरिटी क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में यहां चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि प्रदेश की राजधानी जयपुर की कानून व्यवस्था चौपट है। प्रदेश की राजधानी जयपुर में लगातार हो रहे अपराध आमजन में दहशत पैदा कर रहे हैं। जामडोली में बुधवार रात दो ज्वेलर भाइयों पर 5 बदमाशों ने सरिए और डंडों से हमला कर 20 लाख रुपए लूट लिए। बदमाशों के पीछे दौड़ी महिला पर फायरिंग कर दी गई। इसी महीने की 1 तारीख को टोंक रोड पर घड़ियों के शोरूम से 5 करोड़ रुपए की चोरी हुई।

अशोक गहलोत ने आगे लिखा कि सिविल लाइंस, जो जयपुर का सबसे महफ़ूज़ इलाका माना जाता है और जहां राज्यपाल व मुख्यमंत्री का भी निवास है, वहां पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के घर चोरी की खबर है। जब सबसे सुरक्षित इलाके में चोर घुस जाएं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या भरोसा।

जयपुर के सेंट्रल पार्क से कुछ दिन पूर्व एक व्यापारी का अपहरण हो गया। भाजपा सरकार के लगभग तीन वर्ष हो गए। अब करोड़ों रुपए के विज्ञापन देने से बाहर निकलकर कानून-व्यवस्था पर ध्यान दीजिए और आमजन की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाइए।

भाजपा विधायक के घर पर चोरी

भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी का बंगला जयपुर के सिविल लाइंस इलाके में स्थित है। यह क्षेत्र प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं और मंत्रियों के आवास के लिए जाना जाता है। विधायक के बंगले के सामने सचिन पायलट का आवास है, जबकि बगल में मंत्री सुरेश रावत का निवास स्थित है। ऐसे संवेदनशील इलाके में चोरी की वारदात सामने आने से सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात देर रात हुई। घटना के समय विधायक प्रताप सिंह सिंघवी क्षेत्र के दौरे पर थे। चोरी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जयपुर पुलिस कमिश्नर को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल, चोरी की वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *