राजस्थान के 22 जिलों में सरपंच-पंच के लिए कल होगा मतदान, 11799 बूथों पर बैलेट पेपर से पड़ेंगे वोट

राजस्थान के 22 जिलों में सरपंच-पंच के लिए कल होगा मतदान, 11799 बूथों पर बैलेट पेपर से पड़ेंगे वोट

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को 22 जिलों की 3626 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव होंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके लिए 11,799 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 करोड़ 6 लाख से अधिक मतदाता बैलेट पेपर के जरिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान खत्म होने के बाद मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम आने की संभावना है।

दूसरे चरण के चुनाव में सरपंच पदों के लिए 20 हजार से अधिक नामांकन प्राप्त हुए हैं। वहीं, वार्ड पंच के पदों के लिए भी बड़ी संख्या में प्रत्याशी मैदान में हैं। कुछ ग्राम पंचायतों में सरपंचों का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। जोधपुर जिले में सबसे अधिक 11 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं। शेष पंचायतों में शुक्रवार को मतदान के जरिए गांव की सरकार का फैसला होगा।

1.06 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दूसरे चरण में कुल 1,06,56,127 मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं। इनमें 55,19,336 पुरुष, 51,36,744 महिला और 47 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रदेश के 22 जिलों की 124 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान के लिए केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। हर मतदाता बूथ पर दो वोट करेगा।

ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान बैलेट पेपर से होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ऐसे में देर रात तक कई गांवों में चुनाव परिणाम स्पष्ट होने की उम्मीद है। परिणाम सामने आने के साथ ही गांवों में नए सरपंच और वार्ड पंचों के नाम तय हो जाएंगे।

दूसरे फेज में होने वाले सरपंच- वार्ड पंच चुनाव का पूरा गणित :

जिले का नाम जिलावार ग्राम पंचायतें जिलावार कुल वार्ड
अजमेर 139 1545
अलवर 185 1767
बांसवाड़ा 139 1215
बाड़मेर 206 1504
भीलवाड़ा 185 1709
बीकानेर 137 1155
दौसा 141 1223
डूंगरपुर 209 1755
जयपुर 112 1182
जालोर 220 2186
झालावाड़ 142 1494
झुंझुनूं 167 1577
जोधपुर 442 3768
करौली 89 853
कोटा 47 505
कोटपूतली-बहरोड़ 130 1280
नागौर 152 1496
पाली 146 1418
राजसमंद 147 1303
सीकर 192 2238
सिरोही 110 1116
उदयपुर 189 1515
कुल 3326 33804

जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव में बढ़ा मतदान

इससे पहले बुधवार को दूसरे चरण की 22 जिला परिषदों और 124 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए मतदान हुआ था। गुरुवार को जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार, इन चुनावों में 65.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वर्ष 2019 के जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में 63.56 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह पिछले चुनाव की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

सरपंच चुनाव के पहले चरण में 83 फीसदी हुआ मतदान

पंचायत चुनाव के पहले चरण में ग्राम पंचायतों के चुनाव के दौरान 83.05 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान का आंकड़ा करीब 64 प्रतिशत रहा था। दूसरे चरण में यह बढ़कर 65.15 प्रतिशत पहुंच गया। अब शुक्रवार को होने वाले सरपंच और वार्ड पंच चुनाव पर गांवों की नजर रहेगी। मतदान के बाद शुरू होने वाली मतगणना से तय होगा कि किन प्रत्याशियों को ग्रामीणों का समर्थन मिला और किन गांवों में नई पंचायत का गठन होगा।

यह वीडियो भी देखें :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *